Monday, May 4, 2009

चेन्नई किंग्स की डक्कन पर नायाब जीत












ईस्ट लंदन। फार्म में लौटे कप्तान महेंद्र सिंह धौनी [नाबाद 58] के बल्ले से हुई आतिशबाजी के बाद शादाब जकाती के फिरकी के जाल में डक्कन चार्जर्स के बल्लेबाजों को फांसकर चेन्नई सुपर किंग्स ने सोमवार को 78 रन से जीत दर्ज की और लगातार तीसरी जीत के साथ आईपीएल टू की अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई।

मैच का फैसला डक्कन की पारी के पहले तीन ओवर में ही हो गया था। डक्कन के सबसे भरोसेमंद सिपहसालार कप्तान एडम गिलक्रिस्ट, हर्शल गिब्स और वीवीएस लक्ष्मण तीसरे ओवर में पवेलियन लौट चुके थे और स्कोर बोर्ड पर महज एक रन टंगा था। जीत के लिए 179 रन के लक्ष्य के जवाब में डक्कन चार्जर्स 14.4 ओवर में 100 रन पर आउट हो गए। जकाती ने चार ओवर में 22 रन देकर चार विकेट लिए।

पारी की पहली ही गेंद पर एल्बी मोर्कल ने गिलक्रिस्ट [0] को पगबाधा आउट किया। अगले ओवर में गिब्स [0] को सुदीप त्यागी ने बोल्ड कर दिया और टीम में वापसी करने वाले लक्ष्मण [0] तीसरे ओवर की पहली गेंद पर मोर्कल का दूसरा शिकार बने। उनका कैच जकाती ने लपका। इसके बाद से डक्कन का मैच में वापसी करना मुश्किल था। ड्वेन स्मिथ ने जरूर 23 गेंद में 49 रन बनाकर कुछ उम्मीदें जताई लेकिन मैच पर से डक्कन की पकड़ छूट चुकी थी। इस जीत के बाद चेन्नई के आठ मैचों में चार जीत के साथ नौ अंक है और वह शीर्ष पर है जबकि डक्कन सात मैचों में आठ अंक लेकर चौथे स्थान पर खिसक गया है। इनके बीच में किंग्स इलेवन पंजाब और दिल्ली डेयरडेविल्स हैं। यह अजीब इत्तेफाक है कि पिछले दो मैच में चेन्नई ने डेयरडेविल्स और राजस्थान रॉयल्स को हराया और डक्कन को इन्हीं से शिकस्त झेलनी पड़ी।

धौनी का तकदीर ने भी पूरा साथ दिया और कई कैच टपकाने के बावजूद उनकी टीम डक्कन को 100 रन पर समेटने में कामयाब रही। डक्कन के लिए सबसे बड़ी साझेदारी ड्वेन स्मिथ [49] और रोहित शर्मा ने की और चौथे विकेट के लिए 70 रन जोड़े। इसके बाद लगातार उसके विकेट गिरते रहे। मुथैया मुरलीधरन ने 14वें ओवर की आखिरी दो गेंद पर विकेट लिए और अगले मैच में अपनी पहली गेंद पर वह हैट्रिक पर होंगे।

इससे पहले धौनी [नाबाद 58] और मैथ्यू हेडन [43] की आक्रामक पारियों के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स ने तीन विकेट पर 178 रन बनाए। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के धौनी के फैसले को सही साबित करते हुए हेडन और मुरली विजय ने चेन्नई को धमाकेदार शुरुआत दी। चेन्नई के 50 रन सिर्फ 34 गेंद में बन गए। आरेंज कैपधारी हेडन ने अपने फार्म को बरकरार रखते हुए डक्कन के गेंदबाजों को जमकर धुना। इस खतरनाक बल्लेबाज को एस एम शोएब ने पवेलियन भेजा। दो चौके जड़ने के बाद आफ स्टंप पर पड़ती गेंद को कट करने के प्रयास में हेडन ने शार्ट थर्डमैन पर आर पी सिंह को कैच थमा दिया। हेडन ने अपनी 43 रन की पारी में 26 गेंदों का सामना करके पांच चौके और तीन छक्के लगाए।

आईपीएल टू में अपने खराब फार्म से निजात पाने के लिए धौनी तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे और उनका यह फैसला सही भी साबित हुआ। अब तक अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर पाए धौनी ने सिर्फ 37 गेंद में नाबाद 58 रन बनाए जिसमें छह चौके और प्रज्ञान ओझा को जड़ा एक छक्का शामिल है। धोनी और विजय दस ओवर तक टीम को 84 रन पर ले गए। अब तक इक्के दुक्के रन ले रहे विजय ने ब्रेक के बाद हाथ खोलते हुए ओझा को छक्का लगाया लेकिन वह टी सुमन की गेंद पर इस शाट को दोहराने के प्रयास में सीमारेखा के पास हर्शल गिब्स को कैच दे बैठे।

शानदार फार्म में चल रहे रैना ने क्रीज पर आते ही सुमन को अगले ओवर में दो छक्के और एक चौका लगाया। इस बीच धौनी ने भी कुछ दर्शनीय स्ट्रोक्स लगाए। आईपीएल के दूसरे सत्र में धौनी ने पहला अर्धशतक सिर्फ 35 गेंद में पूरा किया। उधर रैना ने 19 गेंद में 32 रन बनाए। वह आर पी की गेंद पर लांग आन सीमा पर ड्वेन स्मिथ द्वारा लपके गए।

स्कोर बोर्ड

चेन्नई सुपर किंग्स बीस ओवर में तीन ओवर में 178 रन

विजय का गिब्स बो सुमन 31

हेडन का आरपी सिंह बो शोएब 43

धौनी नाबाद 58

रैना का स्मिथ बो आरपी सिंह 32

मोर्कल नाबाद 4

अतिरिक्त: 10

विकेट पतन: 1-61, 2-99, 3-153।

गेंदबाजी

हैरिस 4-0-39-0

आरपी सिंह 4-0-36-1

स्मिथ 2-0-21-0

रोहित 1-0-8-0

शोएब 2-0-14-1

ओझा 4-0-26-0

सुमन 3-0-29-1

डक्कन चार्जर्स 14.4 ओवर में 100 रन पर आल आउट

गिलक्रिस्ट एलबीब्ल्यू मोर्कल 0

गिब्स बो त्यागी 0

लक्ष्मण का जकाती बो मोर्कल 0

रोहित का बद्रीनाथ बो जकाती 21

स्मिथ एलबीडब्ल्यू जकाती 49

सुमन का विजय बो मुरलीधरन 17

वेणुगोपाल का मुरलीधरन बो जकाती 2

हैरिस बो जकाती 2

आरपी सिंह का विजय बो मुरलीधरन 2

शोएब नाबाद 1

ओझा का जकाती बो रैना 0

अतिरिक्त: 7

विकेट पतन: 1-0, 2-0, 3-0, 4-73, 5-75, 6-82, 7-96, 8-99, 9-99, 10-100।

गेंदबाजी

मोर्कल 3-1-24-2

त्यागी 2-0-9-1

बालाजी 1-0-18-0

जकाती 4-0-22-4

मुरलीधरन 3-0-11-2

रैना 1.4-0-12-1

No comments:

Post a Comment